SDRF सहित संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन।।जाने पूरा मामला।

एसडीआरएफ सहित विभिन्न विभागों ने किया संयुक्त रेस्क्यू।।।

गंगनई जलाशय में बाढ़ आपदा से निपटने मॉक ड्रिल


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को गंगनई जलाशय, मरवाही में जिला स्तरीय मॉक ड्रिल आयोजित की गई। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित इस अभ्यास में एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, राजस्व, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों की टीमों ने वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियां निर्मित कर राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।


मॉक ड्रिल के दौरान भारी बारिश के कारण जलमग्न क्षेत्र में लोगों के फंसने और एक टापू पर ग्रामीणों तथा बकरियों के फंसे होने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम ने संबंधित विभागों को मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू शुरू करने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ की टीम मोटर बोट, लाइफ जैकेट और अन्य बचाव उपकरणों के साथ टापू तक पहुंची और वहां फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास किया।
रेस्क्यू के बाद प्रभावित लोगों की स्वास्थ्य टीम ने जांच की। सामान्य स्थिति वाले लोगों को अस्थायी राहत शिविर में पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को जिला अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया का भी अभ्यास किया गया। मौके पर इंसीडेंट कमांडर की निगरानी में राहत शिविर, अस्थायी अस्पताल और रेस्क्यू दल के लिए अलग शिविर स्थापित किए गए।

मॉक ड्रिल के अगले चरण में बाढ़ के कारण पुल ढहने से गांव में लोगों के फंसने की स्थिति निर्मित की गई। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया। इसके बाद अस्पताल के पीछे का हिस्सा ढहने और मलबे में मरीजों के फंसे होने की काल्पनिक स्थिति बनाकर बचाव दल द्वारा मरीजों को बाहर निकालने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की गई।
अभ्यास के दौरान विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, संसाधनों की उपलब्धता और राहत-बचाव दल की प्रतिक्रिया क्षमता को परखा गया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अभ्यास वास्तविक आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयारियों को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम मरवाही निकिता मरकाम सहित तहसीलदार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post