GPM-रफ्तार का कहर: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, नाबालिग जय साहू की मौके पर मौत, दोस्त गंभीर...
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। पेंड्रा थाना क्षेत्र के कुदरी गांव के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक चला रहे नाबालिग जय साहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त प्रशांत तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोटमी गांव निवासी जय साहू अपने दोस्त प्रशांत तिवारी के साथ नई बाइक से गौरेला जाने के लिए निकला था। बाइक जय चला रहा था और प्रशांत पीछे बैठा था।
इसी दौरान कुदरी गांव के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जय साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल प्रशांत तिवारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जय साहू की मौत की खबर कोटमी गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। घर से दोस्त के साथ निकले नाबालिग की दर्दनाक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार में वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।




