गौरेला पेंड्रा मरवाही -- नगर पालिका परिषद पेंड्रा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 02 में अधोसंरचना मद से निर्मित होने जा रहे सामुदायिक भवन का आज विधिवत भूमि पूजन किया गया। सामुदायिक भवन के निर्माण से वार्डवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, नगरपालिका के उपअभियंता सुरेंद्र श्रीवास, पूर्व पार्षद मैकू भरिया, राजकुमार रजक सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं एवं अधोसंरचना का विकास करना नगर पालिका की प्राथमिकता है। वार्ड क्रमांक 02 में बनने वाला यह सामुदायिक भवन क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी साबित होगा। लंबे समय से स्थानीय स्तर पर सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए एक उपयुक्त भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए इस भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि “नगर विकास केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी हमारी जिम्मेदारी है। पेंड्रा नगर के सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।”
श्री जालान ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं निर्धारित मापदंडों का विशेष ध्यान रखने तथा समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सामुदायिक भवन का लाभ वार्डवासियों को विभिन्न सामाजिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद पेंड्रा द्वारा आने वाले समय में भी नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कराया जाएगा, ताकि पेंड्रा नगर को सुविधायुक्त एवं बेहतर नगरीय क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा सके।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं वार्डवासियों ने सामुदायिक भवन निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान के प्रति आभार व्यक्त किया।


