मुकेश जी की 50वीं पुण्यतिथि पर गूंजे सदाबहार नगमे, ‘एक शाम मुकेश के नाम’ में सजी संगीत संध्या।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।महान पार्श्व गायक स्वर्गीय मुकेश चंद्र माथुर की 50वीं पुण्यतिथि पर जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच, जीपीएम के तत्वावधान में जिला प्रेस क्लब भवन में ‘एक शाम मुकेश के नाम’ संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्र के प्रतिभावान गायक-गायिकाओं ने मुकेश जी के एकल एवं युगल गीतों की प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मंच के जिलाध्यक्ष निर्माण जायसवाल और उनकी पुत्री इच्छा जायसवाल की जोड़ी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दोनों ने मुकेश एवं लता मंगेशकर के लोकप्रिय युगल गीत ‘दिल की नजर से, नजरों की दिल से’ की सुमधुर प्रस्तुति दी। श्रोताओं ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया और नवोदित गायिका इच्छा जायसवाल को विशेष रूप से पुरस्कृत किया।
मंच के गठन को भी एक वर्ष पूर्ण हुआ। 27 अगस्त 2025 को गठित संस्था ने अपने एक वर्ष के भीतर विभिन्न महान गायकों की स्मृति में 15 बड़े संगीतमय कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
कार्यक्रम का संचालन अंबुज मिश्रा ने किया, जबकि आयोजन वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय सूर्यवानी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का फेसबुक और यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया गया। इस दौरान राकेश जालान, राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, रितेश फरमानिया, उत्तम वासुदेव, अखिलेश नामदेव, शरद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं संगीतप्रेमी मौजूद रहे।।







