झीरम घाटी का पूरा सच सामने आना अभी बाकी : कांग्रेस

झीरम घाटी का पूरा सच सामने आना अभी बाकी : कांग्रेस

न्यायालय के फैसले का किया सम्मान, 10 आरोपियों के दोषी ठहराए जाने को बताया न्याय की दिशा में अहम कदम।।।

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। झीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में न्यायालय के फैसले के बाद जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही ने स्थानीय जिला प्रेस क्लब भवन में प्रेस वार्ता आयोजित की। कांग्रेस नेताओं ने न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि 10 आरोपियों का दोषी ठहराया जाना न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन झीरम घाटी की घटना से जुड़े कई सवाल अब भी अनुत्तरित हैं। कांग्रेस ने घटना के प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच कर पूरा सच प्रदेश की जनता के सामने लाने की मांग की।


जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानु ने कहा कि 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हुआ नक्सली हमला छत्तीसगढ़ के इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक है। इस हमले में कांग्रेस ने अपने कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को खोया था। उन्होंने कहा कि वर्षों बाद न्यायालय का फैसला आने से न्याय की उम्मीद मजबूत हुई है। दोषी पाए गए लोगों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस का सवाल न्यायालय के फैसले पर नहीं है, बल्कि उन पहलुओं को लेकर है, जिनके जवाब अब भी सामने नहीं आए हैं। पार्टी की मांग है कि घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परिस्थितियों और कथित व्यापक साजिश से जुड़े सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच हो।मरवाही के पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव ने कहा कि झीरम घाटी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व को निशाना बनाया गया था। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति या किसी स्तर की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। प्रदेश की जनता को यह जानने का अधिकार है कि आखिर उस दिन इतनी बड़ी घटना किन परिस्थितियों में हुई।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोषियों को सजा मिलना महत्वपूर्ण है, लेकिन जब तक घटना से जुड़े सभी सवालों के संतोषजनक जवाब सामने नहीं आते, तब तक पूर्ण न्याय की मांग जारी रहेगी।प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री मूलचंद कुशराम, जिला उपाध्यक्ष बेचूराम अहिरेश, विधायक प्रतिनिधि पंकज तिवारी, सरपंच संघ अध्यक्ष लालचंद सोनवानी, राहुल भेना, सोशल मीडिया प्रभारी रियांश सोनी सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे। संचालन जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता ओमप्रकाश बंका ने किया।

कांग्रेस ने कहा कि झीरम घाटी में शहीद हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति सच्चा न्याय तभी होगा, जब घटना का पूरा सच सामने आए और जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति की जवाबदेही तय हो।


Post a Comment

Previous Post Next Post