पेंड्रा की सड़कों पर दौड़े दो रेल इंजन, ट्रकों पर लदा देख लोग रह गए हैरान।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा की मुख्य सड़कों पर आज अचानक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बड़े-बड़े ट्रकों पर लदे दो डीजल रेल इंजन शहर के बीच से गुजरते नजर आए। सड़क पर रेल इंजन को ट्रकों में लदा देखकर लोग कुछ देर के लिए रुक गए और इस अनोखे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
जानकारी के अनुसार दोनों रेल इंजन बेंगलुरु से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले स्थित मोजर बेयर पावर प्लांट के लिए सड़क मार्ग से ले जाए जा रहे हैं। दोनों इंजन 3 अगस्त 2026 को बेंगलुरु से रवाना हुए थे और करीब डेढ़ महीने का सफर तय करने के बाद पेंड्रा पहुंचे हैं।
भारी-भरकम रेल इंजनों को सुरक्षित तरीके से गंतव्य तक पहुंचाने के लिए करीब 12 लोगों की टीम इनके साथ चल रही है। टीम रास्ते में यातायात और परिवहन से जुड़ी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरत रही है।
बताया जा रहा है कि सब कुछ सामान्य रहा तो अगले दो से तीन दिनों में दोनों रेल इंजन अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे। पेंड्रा की सड़कों पर ट्रकों में लदे रेल इंजन का नजारा दिनभर लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा


