स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल पेंड्रा में दो संविदा शिक्षकों लंबे समय से अनुपस्थिति पर शिकायत, कार्रवाई की मांग।।

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम स्कूल पेंड्रा में दो संविदा शिक्षकों की अनुपस्थिति पर शिकायत, कार्रवाई की मांग।।

अंग्रेजी और गणित के संविदा शिक्षकों पर बिना सूचना लंबे समय से अनुपस्थित रहने का आरोप, कलेक्टर से तत्काल व्यवस्था की मांग।।


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा में पदस्थ दो संविदा शिक्षकों के लंबे समय से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है। इस संबंध में विद्यालय की शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने 18 सितंबर 2026 को जिला कलेक्टर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को लिखित शिकायत सौंपकर दोनों शिक्षकों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा विद्यार्थियों के हित में तत्काल वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था कराने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार विद्यालय में कार्यरत अंग्रेजी विषय की संविदा व्याख्याता पायल कौशले दिसंबर 2024 से लगातार अनुपस्थित हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा कई बार उपस्थिति के संबंध में सूचना दिए जाने के बावजूद वह अपने कर्तव्य पर उपस्थित नहीं हुईं।

इसी तरह गणित विषय के संविदा व्याख्याता जुनेद हसन पर जुलाई 2026 से बिना सूचना अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा कई बार उपस्थिति के लिए सूचना देने के बाद भी शिक्षक उपस्थित नहीं हुए। संस्था प्रमुख एवं अन्य शिक्षकों द्वारा फोन से संपर्क करने का प्रयास किए जाने का भी उल्लेख शिकायत में किया गया है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र के माध्यम से दिए जाने के बावजूद 18 सितंबर 2026 तक कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। अनाधिकृत अनुपस्थिति की सूचना शाला प्रबंधन समिति को भी प्राचार्य द्वारा अवगत कराई गई, जिसके बाद पालकों में भी नाराजगी की स्थिति बनने की बात शिकायत में कही गई है।

शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष ने कलेक्टर से मांग की है कि दोनों संविदा शिक्षकों की अनुपस्थिति के मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक शिक्षकों की व्यवस्था की जाए। मामले में अब जिला प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है।।।

Post a Comment

Previous Post Next Post