जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने विभिन्न गणेश पंडालों में दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की, साल्हेघोरी प्राथमिक शाला का किया निरीक्षण





गौरेला-पेंड्रा-मरवाही ---  जिला पंचायत सदस्य  पवन पैकरा ने अपने जिला पंचायत क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का दौरा किया।



 पैकरा ने ग्राम अधियारखो के सेमरहा, चुकतीपानी के बाजारडाँड़, देवरगांव के आवास मोहल्ला, धौरामुड़ा, बीच मोहल्ला, कोरजा के दुर्गा चौक एवं पेंड्रा के कोटमी तिराहा में विराजमान भगवान  गणेश जी सिद्धिविनायक के पंडालों में पहुंचकर दर्शन किए तथा समस्त क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली हेतु कामना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय समितियों एवं ग्रामीणों से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।



इसी क्रम में श्री पैकरा ने ग्राम पंचायत साल्हेघोरी के शासकीय प्राथमिक शाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में बच्चों की दर्ज संख्या 101 है, जबकि विद्यालय मात्र दो अतिरिक्त कक्षों में संचालित हो रहा है। कक्षों की कमी के कारण बच्चों को जमीन पर बैठकर अध्ययन करना पड़ रहा है। विद्यालय भवन भी जर्जर स्थिति में है।



श्री पैकरा ने बताया कि विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष एवं किचन शेड की अत्यंत आवश्यकता है। इस समस्या के निराकरण हेतु उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर चर्चा कर उक्त निर्माण कार्य को बी.व्ही.जी. राम जी की कार्ययोजना में जोड़ने का आग्रह किया है।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, गणेश समिति के सदस्य एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post