MBA व LLB डिग्री होल्डर, गांजा तस्कर का बड़ा खेल! स्लीपर बस में 245 किलो गांजा, 1.22 करोड़ का माल जब्त।।।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पेंड्रा पुलिस को सूचना मिली थी कि मलकानगिरी, ओडिशा से यात्री बस के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा छत्तीसगढ़ लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कोटमी क्षेत्र में बस क्रमांक OD30D0606 को रोककर तलाशी ली। बस की तलाशी में 49 पैकेटों में 245 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार बस का मालिक दिलीप कुमार हिडियां, निवासी नायपुरा, माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा ही बस चला रहा था। उसके साथ धनौरा मौहरपारा, मरवाही निवासी भीमसेन केवट भी मौजूद था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से गांजे के अलावा तीन मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल बस भी जब्त की गई है।
MBA की पढ़ाई, फिर गांजा तस्करी का आरोप,इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि पुलिस के अनुसार बस मालिक-सह-चालक दिलीप के पास MBA व LLB की डिग्री है। यानी उच्च शिक्षा प्राप्त व्यक्ति द्वारा इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ के परिवहन का आरोप सामने आया है। पुलिस के मुताबिक बस कोई नियमित डेली सर्विस वाली बस भी नहीं थी। प्रारंभिक पूछताछ में दिलीप ने गांजा मलकानगिरी से कोरबा और जीपीएम क्षेत्र में सप्लाई के लिए लाने की बात बताई है।
पुलिस के अनुसार तस्करी का रूट मलकानगिरी, बोरई, धमतरी, रायपुर, बिलासपुर, पाली, कटघोरा, पसान होते हुए पेंड्रा तक बताया गया है। भीमसेन कटघोरा से बस में सवार हुआ था और आगे का रास्ता बताने में चालक की मदद कर रहा था।मामले में अपराध क्रमांक 345/2026 के तहत धारा 20(b)(II), 29 एनडीपीएस एक्ट में अपराध दर्ज किया गया है। अब पुलिस गांजा सप्लाई करने वाले सप्लायर, खरीदार और रिसीवरों के नेटवर्क तक पहुंचने के लिए पूछताछ और जांच आगे बढ़ा रही है।





