गौरेला - मदरसा हुसैनिया मदीना मस्जिद, पुराना गौरेला में आयोजित जश्ने रिदाए किरात व आलिमियत एवं खात्मे मिश्कातुल मसाबीह शरीफ के कार्यक्रम में आलिमा का कोर्स मुकम्मल करने वाली बच्चियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बच्चियों को रिदा पोशी के साथ आलिमा की सनद प्रदान की गई।
कार्यक्रम में मुफ्ती सय्यद फैजल हसन अशरफ अशरफी उल जिलानी, किछौछा शरीफ (उत्तर प्रदेश) की विशेष मौजूदगी रही। उनके साथ क्षेत्र के उलेमा, मदरसा प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
आलिमा का कोर्स मुकम्मल करने वाली बच्चियों को रिदा पोशी कर सम्मानित किया गया और उन्हें सनद-ए-फजीलत प्रदान की गई। इस दौरान बच्चियों की मेहनत, लगन और दीनी तालीम के प्रति समर्पण की सराहना की गई।
कार्यक्रम में उलेमा ने कहा कि बेटियों को दीनी तालीम से जोड़ना समाज के लिए महत्वपूर्ण है। बेटियां जब कुरआन, हदीस और इस्लामी शिक्षा का ज्ञान हासिल करती हैं तो वे परिवार के साथ समाज में भी शिक्षा और संस्कार का संदेश पहुंचाती हैं।
सनद हासिल करने वाली बच्चियों के परिजनों में भी खुशी का माहौल रहा। परिजनों ने मदरसा हुसैनिया के शिक्षकों और प्रबंधन का आभार जताया तथा बच्चियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दुआ की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी आलिमा छात्राओं की दीनी और दुनियावी तरक्की, सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए विशेष दुआ की गई।
