आईजीएनटीयू अमरकंटक और मल्टीपरपज स्कूल पेंड्रा की पहल।।
सुरों से सजा सांगीतिक समापन समारोह, विद्यार्थियों ने दी मनमोहक प्रस्तुतियां।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (आईजीएनटीयू), अमरकंटक के परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग (संगीत) एवं मल्टीपरपज स्कूल पेंड्रा के संयुक्त प्रयास से आयोजित संगीत इंटर्नशिप का सांगीतिक समापन समारोह जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), पेंड्रा में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों ने भारतीय संगीत की विविध विधाओं की प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।।।
कार्यक्रम में आईजीएनटीयू अमरकंटक के संगीत विभाग के प्रोफेसर डॉ. अभय दुबे एवं डॉ. आनंद कृष्ण ज्योतिषी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में राग आधारित गीत, सरस्वती वंदना, भजन, देशभक्ति गीत एवं छठ गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और विद्यार्थियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथि द्वय की सांगीतिक प्रस्तुति ने भी कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय संगीत की विभिन्न विधाओं, रागों की विशेषताओं तथा संगीत के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, रचनात्मकता, संवेदनशीलता और सांस्कृतिक चेतना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।
यह आयोजन स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा सुचिता दुबे की संगीत इंटर्नशिप पूर्ण होने के अवसर पर किया गया। इंटर्नशिप के दौरान सुचिता दुबे द्वारा विद्यार्थियों को सिखाए गए गीत एवं भजनों की प्रस्तुति भी समारोह में हुई। आईजीएनटीयू अमरकंटक से अमृता मानी, स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष तथा पुष्पांजलि मिश्रा, स्नातक अंतिम वर्ष की छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।।।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों के द्वारा विद्यालय में सांगीतिक शिक्षण गतिविधियों को निरंतर जारी रखने की अपेक्षा जताई। डाइट प्राचार्या अल्का शुक्ला एवं प्राध्यापक ममता चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए इसे डीएलएड शिक्षक प्रशिक्षणार्थियों के लिए भी महत्वपूर्ण अनुभव बताया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दुर्गेश दुबे एवं शिक्षक अश्विनी पटेल ने किया। समापन अवसर पर वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती सविता चंद्रा ने सुचिता दुबे को प्रमाणपत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया। अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन हुआ।।।