GPM-बैगा आदिवासियों के विकास के नाम पर 20 लाख का खेल? पहली बरसात में धंसक गया स्टॉप डेम,,
ठाड़पथरा में निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल, ढलाई में नदी के बड़े बोल्डर इस्तेमाल करने का भी हुआ खुलासा,,
ठाड़पथरा गांव में सालभर पानी की समस्या से जूझने वाले बैगा आदिवासी परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत के पीछे नदी में स्टॉप डेम का निर्माण कराया गया था। उम्मीद थी कि यह जल संरचना ग्रामीणों के लिए पानी रोकने और जलसंकट दूर करने में उपयोगी साबित होगी। लेकिन पहली ही बरसात में स्टॉप डेम का एक हिस्सा धंस जाने से निर्माण की गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है।
क्षतिग्रस्त हिस्से की तस्वीरें निर्माण की गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े कर रही हैं। आरोप है कि सीमेंट-कंक्रीट की ढलाई के दौरान नदी से निकाले गए बड़े-बड़े गोलाकार बोल्डरों को भी संरचना के भीतर डाल दिया गया। स्टॉप डेम का हिस्सा धंसने के बाद ये बोल्डर अब खुले तौर पर दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी मापदंडों और गुणवत्ता मानकों का पालन किया गया था?
सबसे गंभीर सवाल उन अधिकारियों और जिम्मेदारों की निगरानी व्यवस्था पर है, जिनके जिम्मे निर्माण कार्य का तकनीकी निरीक्षण, सत्यापन और मूल्यांकन था। यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता का नियमानुसार परीक्षण और सत्यापन किया गया था तो करीब 20 लाख रुपए की लागत से बनी संरचना पहली ही बरसात में कैसे धंस गई?
बैगा आदिवासियों के विकास के नाम पर स्वीकृत राशि का उपयोग यदि घटिया निर्माण में हुआ है तो यह केवल एक निर्माण की विफलता नहीं, बल्कि सरकारी धन और ग्रामीणों की जरूरतों दोनों के साथ गंभीर अन्याय का मामला माना जाएगा। अब जरूरत केवल जांच के आश्वासन की नहीं, बल्कि निर्माण की तकनीकी जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदारों से शासन की राशि की वसूली और नियमानुसार कार्रवाई की है।
ठाड़पथरा का यह मामला प्रशासन के सामने भी बड़ी चुनौती है कि वह विकास के नाम पर हुए कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय करता है या मामला जांच और कार्रवाई के आश्वासन तक ही सीमित रह जाता है।।।






