GPM-पेंड्रा में चाकूबाजी से मचा हड़कंप, युवक गंभीर; परिजनों ने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा के सारथी मोहल्ले में चाकूबाजी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अमरकंटक निवासी ऋषभ यादव पर विवाद के दौरान एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल ऋषभ को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, ऋषभ यादव अपने रिश्तेदारों से मिलने सारथी मोहल्ला आया हुआ था। इसी दौरान पुरानी बस्ती क्षेत्र का रहने वाला एक युवक कच्ची शराब पीने के लिए सारथी मोहल्ला पहुंचा था।
किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी तक पहुंच गया।
घटना के बाद भाग रहे आरोपी को ऋषभ के रिश्तेदारों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया है।
मामले में आरोपी की उम्र को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस दस्तावेजों के आधार पर उसकी उम्र का सत्यापन कर रही है। बताया जा रहा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जन्मदिन होने की बात कही है।





