GPM-आईएफएस अधिकारियों ने खुद संभाला आरा, काटे लकड़ी के बड़े-बड़े लट्ठे।।
करगीखुर्द में काष्ठ विदोहन का अनूठा प्रदर्शन, DFO कुमार निशांत और तन्मय कौशिक ने कर्मचारियों को सिखाए सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके।।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। वन विभाग के अधिकारियों का अंदाज उस समय देखने लायक रहा, जब दो आईएफएस अधिकारियों ने खुद आरा संभाला और लकड़ी के लट्ठों की कटाई कर कर्मचारियों को काष्ठ विदोहन की तकनीक का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने केवल निर्देश देने के बजाय स्वयं आरा चलाकर सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से लकड़ी काटने की प्रक्रिया समझाई। इस दौरान मौके पर मौजूद वन कर्मचारियों और ग्रामीणों ने अधिकारियों के इस व्यावहारिक प्रदर्शन को देखा।
मरवाही वन मंडल के खोडरी वन परिक्षेत्र अंतर्गत करगीखुर्द में काष्ठ विदोहन वर्ष 2026-27 के तहत प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आईएफएस अधिकारी एवं मरवाही वन मंडल के डीएफओ कुमार निशांत तथा आईएफएस अधिकारी एवं मुंगेली वन मंडल के डीएफओ तन्मय कौशिक ने वृक्ष कटाई और लट्ठा निर्माण की तकनीकों का प्रदर्शन किया। दोनों अधिकारियों ने स्वयं आरा चलाकर लकड़ी के बड़े-बड़े लट्ठों को काटने की प्रक्रिया समझाई और कर्मचारियों को कार्य की बारीकियों से अवगत कराया।
देखे वीडियो....
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वन कर्मचारियों को काष्ठ विदोहन की वैज्ञानिक पद्धति, सुरक्षित कटाई और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने का प्रशिक्षण देना था। इस दौरान सुरक्षा संबंधी सावधानियों और तकनीकी प्रक्रियाओं के पालन पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कार्य के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडेय सहित विभिन्न वन मंडलों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यावहारिक जानकारी के महत्व को रेखांकित किया।
आमतौर पर प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अधिकारी कर्मचारियों को दिशा-निर्देश देते नजर आते हैं, लेकिन करगीखुर्द में आईएफएस अधिकारियों ने खुद आरा चलाकर तकनीक का प्रदर्शन किया। इससे कर्मचारियों को वृक्ष कटाई और लट्ठा निर्माण की प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला। काष्ठ विदोहन वर्ष 2026-27 के तहत आयोजित यह कार्यक्रम वन कर्मचारियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और सुरक्षित कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।




