GPM-गौरेला में दो स्थानों पर होगा 51-51 फीट के रावण का दहन, रात 10 बजे का समय निर्धारित।
दत्तात्रेय और मिशन ग्राउंड में दशहरा उत्सव की तैयारियां पूरी, दोनों समितियों ने क्षेत्रवासियों को दीं विजयादशमी की शुभकामनाएं।।
गौरेला पेंड्रा मरवाही -- विजयादशमी के पावन अवसर पर गौरेला नगर में दशहरा उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है। नगर के दो प्रमुख स्थानों दत्तात्रेय एवं मिशन ग्राउंड में 51-51 फीट ऊंचे रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। दोनों स्थानों पर रावण दहन के लिए रात्रि 10 बजे का समय निर्धारित किया गया है। दशहरा महोत्सव को लेकर दोनों स्थानों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
दत्तात्रेय में लगभग 100 वर्षों से चली आ रही परंपरा
दत्तात्रेय में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सव का विशेष ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व है। दत्तात्रेय दशहरा उत्सव समिति द्वारा लगभग 100 वर्षों से सनातन परंपरा का निर्वहन करते हुए इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी समिति द्वारा 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण कराया गया है। पुतले का निर्माण कार्य पूर्ण होने के साथ ही उत्सव की तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं।
मिशन ग्राउंड में भी रावण दहन की तैयारी पूरी
वहीं, मिशन ग्राउंड दशहरा उत्सव समिति द्वारा भी विजयादशमी के अवसर पर 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण कराया गया है। यहां भी रावण दहन के लिए रात्रि 10 बजे का समय निर्धारित किया गया है। दोनों स्थानों पर दशहरा महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देगा दशहरा
विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम द्वारा रावण पर विजय की स्मृति में मनाया जाने वाला यह पर्व समाज को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। दोनों दशहरा उत्सव समितियों ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी एवं दशहरा महोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी से पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है।



