GPM-दशहरा की रात बनी हादसों की रात, दो की मौत, दो दर्जन घायल।।।

दशहरा की रात बनी हादसों की रात, दो की मौत, दो दर्जन घायल।।।


तीन गंभीर घायलों को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जिला अस्पताल में 19 घायलों का इलाज जारी।।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में दशहरा की रात हादसों की रात साबित हुई। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में करीब दो दर्जन लोग घायल हुए, जबकि दो लोगों की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया है। वहीं, करीब 19 घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, भर्ती घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।

जानकारी के अनुसार, दशहरा की रात हुए ज्यादातर हादसों में बाइक सवार दुर्घटनाओं का शिकार हुए। कई लोग दशहरा मेले से लौटते समय हादसों में घायल हुए, जबकि कुछ लोगों के नशे की हालत में गिरने से चोटिल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को निजी साधनों के अलावा 112 और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।


मरवाही क्षेत्र में हुए हादसे में चंगेरी निवासी सूरज केवट को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरवाही से जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, रामगढ़ निवासी राजेश्वर सिंह गांव में परिचित की बाइक लेकर निकला था। इसी दौरान उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

दशहरा की रात हुए हादसों के बाद जिला अस्पताल में घायलों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए सिम्स बिलासपुर भेजा गया है।

इधर, पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post