GPM-गौरेला में रिहायशी इलाके के कबाड़ गोदाम में भीषण आग, मचा हड़कंप
नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे सहित नगरपालिका और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद, दमकलकर्मी और स्थानीय निवासी आग बुझाने में जुटे
गौरेला पेंड्रा मरवाही -- नगर पालिका परिषद गौरेला के वार्ड क्रमांक 08 में नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे के घर के सामने स्थित रिहायशी इलाके के एक कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना अध्यक्ष के बेटे द्वारा दिए जाने के बाद तत्काल गौरेला थाना प्रभारी और दमकल विभाग को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल की टीम मौके पर पहुंची।
कबाड़ गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटों और उठते धुएं के कारण आसपास के रहवासी भी दहशत में आ गए। रिहायशी क्षेत्र होने के चलते आसपास के मकानों पर भी खतरे की आशंका बनी हुई है।
घटनास्थल पर नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे सहित पुलिस प्रशासन की टीम मौजूद है। वहीं दमकल की गाड़ियां लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। स्थानीय निवासी भी आग बुझाने में सहयोग कर रहे हैं। आग इतनी भीषण है कि लगातार प्रयासों के बावजूद उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।
फिलहाल आग बुझाने का प्रयास जारी है। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही हो सकेगा।वही गौरेला थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि आग पर फिलहाल काबू पा लिया गया आग लगने का कारण अज्ञात है आगे जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी ।
हर खबर पर नजर



