“ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र”

जिले में चलाया गया “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र” अभियान।।।

देश की सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में चौबीसों घंटे कर्तव्य निभा रहे भारतीय सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त।।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। देश की सीमाओं पर विषम परिस्थितियों में चौबीसों घंटे कर्तव्य निभा रहे भारतीय सैनिकों के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से जिले में “ऑपरेशन सिपाही रक्षा सूत्र” अभियान चलाया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राज्य कार्यालय रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में जिले की विभिन्न शालाओं की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सैनिक भाइयों के लिए राखियां एकत्रित कीं।

अभियान के तहत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सौजन्य से छात्राओं द्वारा एकत्रित 1091 राखियों को कार्टून में पैक किया गया। इन रक्षा सूत्रों को कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अपनी शुभकामनाओं के साथ भारतीय सैनिकों के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात जवान कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।

कलेक्टर ने कहा कि छात्राओं द्वारा सैनिक भाइयों के लिए भेजा गया रक्षा सूत्र केवल राखी नहीं, बल्कि उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता की भावना का प्रतीक है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का पर्व होने के साथ-साथ सुरक्षा, विश्वास और अपनत्व की भावना को मजबूत करने वाला पर्व भी है। सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक पहुंचने वाली ये राखियां उन्हें परिवार और समाज के स्नेह का एहसास कराएंगी तथा उनका मनोबल बढ़ाने में सहायक होंगी।

उन्होंने कहा कि जिले की छात्राओं की यह पहल देश की सुरक्षा में योगदान दे रहे सैनिकों के प्रति भावनात्मक एकजुटता का संदेश देती है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को भी प्रोत्साहन मिला।

रक्षा सूत्र रवाना करने के अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त नीरज जैन, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, बीआरसी गौरेला संतोष सोनी, जिला संगठन आयुक्त गाइड अर्चना सैमुएल मसीह, जिला संगठन आयुक्त स्काउट मोरध्वज सप्रे, गाइड कैप्टन मीनू देवांगन सहित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य एवं गाइड्स उपस्थित रहे।।।

Post a Comment

Previous Post Next Post