NH-45 पर फिर लगा जाम, नहर में गिरने से बाल-बाल बची यात्रियों से भरी बस।
जनसंपर्क छत्तीसगढ़ की ओर से सड़क को बेहतर और आवागमन योग्य होने की दी गई थी जानकारी।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-45 पर पेंड्रा रतनपुर रोड पर चपोरा गांव के पास एक बार फिर जाम की स्थिति बन गई। बीच सड़क पर एक ही जगह पर दो ट्रक फंसने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जाम से बचने के लिए पेंड्रा से बिलासपुर जा रही यात्रियों से भरी बस कच्चे रास्ते से निकलने लगी, लेकिन रास्ता सकरा और खराब होने के कारण बस नहर के किनारे पहुंच गई। गनीमत रही कि बस नहर में गिरने से बाल-बाल बच गई।।
घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की मदद से स्थिति संभाली गई और यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया और बाद में क्रेन की सहायता से बस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसा टलने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। यदि बस नहर में गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
देखिए कैसे बस को निकाला गया सुरक्षित
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन NH-45 पर आए दिन ट्रक और भारी वाहन फंसने से जाम की स्थिति बन रही है। बारिश के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है, जिससे वाहन चालकों को जोखिम उठाकर कच्चे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है।।।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही जनसंपर्क छत्तीसगढ़ की ओर से सड़क को बेहतर और आवागमन योग्य होने की जानकारी दी गई थी।
इसके अगले ही दिन सामने आई इस घटना ने सड़क की वास्तविक स्थिति और निर्माण कार्य के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।।।
हर खबर पर है हमारी नजर।।



