26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 18 से 21 अगस्त तक।।
प्रतियोगिता के अंतर्गत जिम्नास्टिक, क्रिकेट, ताइक्वांडो एवं कबड्डी के मुकाबले होंगे। जिम्नास्टिक प्रतियोगिता गुरुकुल गौरेला स्थित जिम्नास्टिक हॉल, क्रिकेट के मुकाबले फिजिकल कॉलेज मैदान पेंड्रा, ताइक्वांडो जनपद सभागार पेंड्रा तथा कबड्डी के मुकाबले कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेंड्रा में आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के कुल 650 खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। बालिका वर्ग के 300 खिलाड़ियों के लिए पाम गार्डन पेंड्रा एवं फिजिकल कॉलेज भवन तथा बालक वर्ग के 350 खिलाड़ियों के लिए पाम गार्डन एवं डाइट पेंड्रा में आवास व्यवस्था रहेगी। खिलाड़ियों के लिए भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
उद्घाटन समारोह के लिए मंच संचालन, अतिथि स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को सौंपी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी एवं आयोजन समिति के निर्देशन में प्रतियोगिता को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



