SDRF ने तालाब में डूबे रामदयाल का शव निकाला बाहर।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।।पेंड्रा थाना क्षेत्र के जाटादेवरी गांव स्थित तालाब में डूबे रामदयाल पनिका का शव तीसरे दिन बरामद कर लिया गया। सोमवार सुबह तालाब में डूबने की आशंका के बाद से SDRF की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। दो दिनों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार को टीम ने तालाब से रामदयाल का शव बाहर निकाला।..
जानकारी के अनुसार जाटादेवरी गांव के वासिमपाट निवासी रामदयाल पनिका सोमवार सुबह गांव के चौक स्थित तालाब पहुंचा था। ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोगों ने उसे तालाब में जाते और डूबते हुए देखा था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने मामले की सूचना पेंड्रा पुलिस को दी, जिसके बाद ग्रामीण तैराकों ने अपने स्तर पर तलाश शुरू की। सफलता नहीं मिलने पर बिलासपुर से SDRF की टीम को बुलाया गया।
SDRF की टीम ने मंगलवार को भी दिनभर तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन रामदयाल का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के बाद अभियान रोक दिया गया था। बुधवार सुबह टीम ने दोबारा सघन तलाश शुरू की और आखिरकार तालाब से रामदयाल का शव बरामद कर लिया।
शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों में मातम पसर गया।
पेंड्रा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।..




