सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा की अनदेखी, NH-45 पर हुए हादसे के बाद उठे सवाल।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। नेशनल हाईवे-45 पर जोगीसार गांव के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे ट्रैक्टर टैंकर के पलटने और चालक की मौत के बाद सड़क निर्माण के दौरान बरती जा रही सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे ने यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि निर्माण कार्य के दौरान वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए आखिर कितने इंतजाम किए जा रहे हैं।
सड़क निर्माण कार्य के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, गति नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था बेहद जरूरी होती है। लेकिन कई जगहों पर निर्माण कार्य के दौरान इन सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
जोगीसार के पास हुए हादसे में ट्रैक्टर टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक रोहित प्रजापति की जान चली गई। हादसे के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि निर्माण कार्य में लगे वाहनों के संचालन के दौरान सुरक्षा नियमों का कितना पालन कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान वाहन चालकों को निर्धारित गति से वाहन चलाने और निर्माण स्थल पर सावधानी बरतने के लिए पर्याप्त संकेतक एवं सुरक्षा इंतजाम होने चाहिए। साथ ही निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग को समय-समय पर सुरक्षा व्यवस्था की जांच करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।।।।



