‘तुम बिहारी हो, यहां क्यों आए हो’ कहकर मजदूर से मारपीट FIR दर्ज।।
शिकायत के अनुसार बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़गामा निवासी व्यक्ति पिछले करीब छह वर्षों से झण्डीडोंगरी-सारबहरा में रहकर सनवर्स कंपनी में नौकरी करता है और ठेकेदारी का काम भी करता है। अपने हाईवा और अन्य सामान की सुरक्षा के लिए वह गुमठी के पास बाहर सोता है।पीड़ित के मुताबिक 28 अगस्त की शाम करीब 7 बजे पेट में दर्द होने के कारण वह गुमठी के बाहर खाट लगाकर लेटा था। इसी दौरान लखन पनिका, गुड्डा कुम्हार और दो अन्य साथी वहां पहुंचे और उसके बाहर सोने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने ‘तुम बिहारी हो, यहां क्यों आए हो’ कहते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इसी बीच बीश्शु सोनवानी घर से बाहर आया, जिसे देखकर आरोपी मौके से भाग गए। मारपीट में पीड़ित की दाहिनी आंख के पास और बाईं पसली में चोट आने की बात कही गई है। घटना को उसकी पत्नी पार्वती यादव ने देखा-सुना। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।


