बिलासपुर लैंडिंग के दौरान एलायंस एयर के विमान का टायर पंचर, 4 क्रू मेम्बर सहित 41 यात्री सुरक्षित।।बड़ा हादसा टला।।

लैंडिंग के दौरान एलायंस एयर के विमान का टायर पंचर, 4 क्रू मेम्बर सहित 41 यात्री सुरक्षित।।



बिलासपुर। बिलासपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दिल्ली से आ रही एलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का बायां टायर पंचर हो गया। फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) दिल्ली से सीधे बिलासपुर आ रही थी। विमान में उस समय कुल 37 यात्री और 4 क्रू मेंबर समेत 41 लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के लेफ्ट साइड का टायर पंचर हो गया। घटना के बाद विमान को रनवे पर सुरक्षित तरीके से रोका गया। एहतियात के तौर पर विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर को रनवे पर उतारकर सुरक्षित रूप से टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया। घटना में किसी यात्री या क्रू मेंबर के घायल होने की सूचना नहीं है।


विमान के टायर में खराबी आने के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए गए। तकनीकी टीम द्वारा विमान की स्थिति की जांच की जा रही है।

वहीं, घटना के बाद बिलासपुर से आगे जाने वाली एलायंस एयर की फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। फ्लाइट रद्द होने से आगे की यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विमान के टायर में आई तकनीकी खराबी के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि लैंडिंग के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और विमान में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post