72 फिट लंबे तिरंगे के साथ किया नगर भ्रमण
गौरेला पेंड्रा मरवाही -- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुस्लिम विकास मंच द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शनिवार को सुबह मदीना मस्जिद के पास हाजी अनीस कुरैशी द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
इसके बाद दोपहर करीब 3 बजे मदीना मस्जिद के पास से मुस्लिम विकास मंच के बैनर तले अध्यक्ष असद सिद्दकी की अगुवाई में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ नगर भ्रमण किया।
तिरंगा यात्रा गांधी चौक, मंगली बाजार, रेस्ट हाउस रोड और स्टेशन रोड होते हुए संजय चौक पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। पूरे मार्ग में देशभक्ति का माहौल नजर आया और लोगों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा में सहभागिता की।
इस दौरान मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मुस्लिम विकास मंच की इस पहल ने देशप्रेम, सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।


