भ्रामक जानकारी देकर नवीन निर्माण की स्वीकृति कराने के मामले में आशीष पांडेय की दो वेतनवृद्धि रोकने का आदेश।।।

भ्रामक जानकारी देकर नवीन निर्माण की स्वीकृति कराने के मामले में आशीष पांडेय की दो वेतनवृद्धि रोकने का आदेश।।।

शौचालय निर्माण की गलत जानकारी देने पर संकुल समन्वयक पर कार्रवाई,,

पहले से निर्मित शौचालय को बताया अनुपयोगी, नवीन निर्माण की स्वीकृति कराने के मामले में दो वेतनवृद्धि रोकी।।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा विकासखंड के संकुल केंद्र दमदम अंतर्गत प्राथमिक शाला धनसलेहा में शौचालय निर्माण को लेकर गलत एवं भ्रामक जानकारी प्रस्तुत करना संकुल शैक्षिक समन्वयक आशीष पाण्डेय को महंगा पड़ गया। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उनकी आगामी दो वेतनवृद्धि संचयी प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया गया है। विभागीय आदेश के बाद शिक्षा विभाग में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा है।

जारी आदेश के मुताबिक कलेक्टर विजय दयाराम के. द्वारा संकुल केंद्र दमदम के अंतर्गत संचालित विभिन्न शालाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला धनसलेहा में शौचालय पहले से ही निर्मित और उपयोगी स्थिति में पाया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आई इस स्थिति से विभागीय स्तर पर प्रस्तुत की गई जानकारी और वास्तविक स्थिति में अंतर पाया गया।

बताया गया है कि संकुल शैक्षिक समन्वयक आशीष पाण्डेय द्वारा उच्च कार्यालय को प्राथमिक शाला धनसलेहा में शौचालय की आवश्यकता होने संबंधी जानकारी दी गई थी। इस जानकारी के आधार पर जिला पंचायत कार्यालय द्वारा विद्यालय के नाम से नवीन शौचालय निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई थी। हालांकि, बाद में कलेक्टर के आकस्मिक निरीक्षण में विद्यालय में शौचालय पहले से निर्मित एवं उपयोग योग्य पाया गया।

मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संकुल समन्वयक से संबंधित प्रकरण की जांच की गई। विभाग ने माना कि उच्च कार्यालय को त्रुटिपूर्ण एवं भ्रामक जानकारी प्रस्तुत किए जाने से शासकीय कार्यवाही प्रभावित हुई और ऐसे कार्य को कर्तव्य के प्रति लापरवाही की श्रेणी में रखा गया।जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए आशीष पाण्डेय की आगामी दो वेतनवृद्धियां संचयी प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post