GPM-सेवानिवृत्ति के दिन ही पांच शासकीय सेवकों को मिला पेंशन-उपादान प्राधिकार पत्र।।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने किया सम्मानित, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी की मौजूदगी में हुआ समारोह।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। शासकीय सेवकों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले स्वत्वों के लिए इंतजार न करना पड़े, इसे लेकर जिला प्रशासन की पहल के तहत बुधवार को अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही पेंशन एवं उपादान प्राधिकार पत्र प्रदान किए गए। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित समारोह में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी सेवानिवृत्त सेवकों को सम्मानित करते हुए उनके दीर्घकालीन शासकीय सेवाकाल और योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कलेक्टर ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा शॉल-श्रीफल भेंट किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का समापन नहीं, बल्कि जीवन की नई पारी की शुरुआत है। उन्होंने सभी से स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने तथा अपने अनुभव और ज्ञान का उपयोग समाज एवं आने वाली पीढ़ी के मार्गदर्शन में करने का आग्रह किया।
समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी की विशेष मौजूदगी रही। सेवानिवृत्त होने वालों में व्याख्याता गिरधारी लाल कश्यप, लेखापाल जितेंद्र सिंह ठाकुर, प्रधान पाठक यशोदा राय, भृत्य नरेश कुमार सोमावर तथा स्थल सहायक सुंदर लाल रजक शामिल हैं। जिला कोषालय अधिकारी धनेन्द्र सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
हर खबर पर नजर।।




