बड़ा सड़क हादसा 05 की मौत कई घायल।।

रीवा सीधी मार्ग पर बड़ा हादसा, 5 की मौत 20 घायल,इलाज जारी।।


मध्यप्रदेश रीवा-सीधी मार्ग के बदबार स्टैंड के पास बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 39 पर सीधी की ओर से आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की ओर से जा रहे बल्कर वाहन की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि लगभग 05 लोगों की मौत की खबर भी बताई जा रही है। हालांकि, मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। ऐसे में प्रशासन की ओर से जारी होने वाली अधिकृत जानकारी का इंतजार है।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल गुढ़ थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से तत्काल संजय गांधी अस्पताल, रीवा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

भीषण हादसे के बाद एनएच-39 पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी की जा रही है। प्रशासन ने राहत एवं उपचार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post