गांजा तस्करी में नाबालिग की दस्तक, कहीं ग्लैमर और जल्दी पैसा कमाने का शौक भविष्य न कर दे बर्बाद!
पेंड्रा में नाबालिग सहित दो पकड़े गए, 2 किलो गांजा बरामद।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कम उम्र में महंगे शौक, ग्लैमर और कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की चाहत कहीं युवाओं को अपराध की दुनिया की ओर तो नहीं धकेल रही? पेंड्रा में गांजा तस्करी के मामले में नाबालिग सहित दो लोगों के पकड़े जाने के बाद यह सवाल फिर खड़ा हुआ है। हालांकि अपराध में शामिल होने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पेंड्रा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पंडरीखार के करमिटीयाटोला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो किलो गांजा बरामद किया। मामले में धनपुर निवासी स्वपनील पाण्डेय उर्फ सचिन पाण्डेय (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके साथ मौजूद नाबालिग को विधि के अनुरूप अभिरक्षा में लिया गया।।पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से लाल रंग के बैग में गांजा लेकर जा रहे थे। तलाशी में दो पैकेट मिले, जिनमें करीब 2 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
नाबालिग की कथित संलिप्तता ने चिंता बढ़ा दी है। सवाल है कि कहीं दिखावे, महंगे शौक और जल्द पैसा कमाने की चाहत तो युवाओं को इस अवैध कारोबार की ओर आकर्षित नहीं कर रही? परिवार, स्कूल और समाज को भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उन्हें नशे और अपराध के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है।।



