बाईपास की मांग को लेकर पदयात्रा का ऐलान, भाजयुमो जिलाध्यक्ष को पड़ा भारी।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा बाईपास की मांग को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से पदयात्रा का ऐलान करना भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे को भारी पड़ गया है। संगठन ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट को संगठनात्मक मर्यादा और अनुशासन के विपरीत मानते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में तीन दिन के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, सिद्धार्थ दुबे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गौरेला से नागपुर तक पदयात्रा करने की घोषणा की थी। प्रस्तावित पदयात्रा के दौरान रायपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात करने और इसके बाद नागपुर पहुंचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर गौरेला-पेंड्रा बाईपास को स्वीकृति दिलाने की मांग रखने की बात कही गई थी।
संगठन की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सिद्धार्थ दुबे ने 22 और 31 अगस्त को फेसबुक के माध्यम से पार्टी संगठन एवं संगठनात्मक विषयों से संबंधित पोस्ट और टिप्पणियां सार्वजनिक कीं। इसे संगठनात्मक मर्यादा के विपरीत मानते हुए जवाब मांगा गया है। मामले को लेकर जिले की राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।।।
हर खबर पर नजर....




