निर्माण जायसवाल फिर बने संगीत एवं कला संरक्षण मंच के जिलाध्यक्ष, नई कार्यकारिणी का गठन।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच जीपीएम की नई कार्यकारिणी का गठन शनिवार, 12 सितंबर को होटल सेंट्रल प्वाइंट में आयोजित बैठक में किया गया। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्माण जायसवाल ‘मोंटू’ को पुनः मंच का जिलाध्यक्ष चुना। उनके नेतृत्व में जिले में संगीत, गायन और कला को बढ़ावा देने के साथ कलाकारों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला कार्यकारिणी के साथ पहली बार महिला प्रकोष्ठ का भी गठन किया गया। वरिष्ठ गायिका शैल गुप्ता को महिला प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। वहीं पंकज मिश्रा कोषाध्यक्ष, संतोष साहू अधिवक्ता को सचिव और अंबुज मिश्रा को मुख्य उद्घोषक एवं मंच संचालक की जिम्मेदारी दी गई।
निर्माण जायसवाल ने पुनः जिलाध्यक्ष चुने जाने पर सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उन पर जताए गए विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यों के सहयोग और विश्वास के बल पर आने वाले समय में जिले में संगीतमय कार्यक्रमों की चरणबद्ध श्रृंखला शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जीपीएम जिले को गीत-संगीत और कला के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए मंच तन-मन-धन से कार्य करेगा।



