छात्रा पर डंडे से हमला, अश्लील गाली देकर दी जान से मारने की धमकी...FIR दर्ज।।।

ट्यूशन से लौट रही छात्रा पर डंडे से हमला, अश्लील गाली देकर दी जान से मारने की धमकी...

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। ज्योतिपुर क्षेत्र में ट्यूशन से स्कूटी पर घर लौट रही कक्षा 12वीं की छात्रा के साथ दो अज्ञात युवकों द्वारा मारपीट, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद डरी-सहमी छात्रा ने अपने माता-पिता के साथ गौरेला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।


पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, ज्योतिपुर निवासी 18 वर्षीय छात्रा रोजाना मंगली बाजार में ट्यूशन पढ़ने जाती है। बुधवार 16 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे वह स्कूटी से ट्यूशन के लिए निकली थी। करीब 8:30 बजे वापस लौटते समय ज्योतिपुर बड़े चर्च के पास पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे। छात्रा के मुताबिक, दोनों युवकों ने पीछे से उसके सिर पर डंडे से वार किया।

आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक भागते हुए उससे कहने लगे कि वह मयंक सेन्द्रे से बात क्यों नहीं करती। इस दौरान युवकों ने छात्रा के साथ अश्लील गाली-गलौज की और मयंक से बात नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। अचानक हुई इस घटना से छात्रा काफी भयभीत हो गई।


छात्रा ने शिकायत में बताया कि दोनों युवकों ने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, जिसके चलते वह उन्हें पहचान नहीं सकी। घटना की जानकारी उसने अपने माता-पिता को दी, जिसके बाद वह उनके साथ गौरेला थाने पहुंची और प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में छात्रा ने दोनों युवकों से अपनी जान को खतरा बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे मयंक सेन्द्रे से संबंधित विवाद की भूमिका और आरोपियों की पहचान को लेकर भी जांच की जा रही है।।।


Post a Comment

Previous Post Next Post