जनसंपर्क विभाग के कर्मचारी से ज्योतिपुर तिराहे पर मारपीट, बेल्ट से पीटा।।
साइलेंसर की आवाज को लेकर हुआ विवाद, जान से मारने की धमकी; चार दिन पहले छात्रा से मारपीट की घटना भी आई थी सामने।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। कलेक्टर कार्यालय की जनसंपर्क शाखा में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत कर्मचारी मोहम्मद इशराक जहांगीरी के साथ ज्योतिपुर तिराहे के पास मारपीट का मामला सामने आया है। मोटरसाइकिल के साइलेंसर की आवाज को लेकर हुए विवाद में आरोपियो ने बेल्ट से कर्मचारी की पीठ और चेहरे पर हमला किया, जबकि उसके साथी ने हाथ-मुक्के से मारपीट की। आरोपियों ने जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार जब वो रात करीब 9:30 बजे कलेक्टर कार्यालय की जनसंपर्क शाखा में काम खत्म कर मोटरसाइकिल से ग्राम टीकरकला स्थित अपने घर लौट रहा था। ज्योतिपुर तिराहे के पास निहाल भरिया और उसका एक साथी मिला। साइलेंसर की तेज आवाज को लेकर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद निहाल ने बेल्ट से मारपीट की और उसके साथी ने हाथ-मुक्के से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित की पीठ और बाएं गाल में चोट आई। मौके पर मौजूद आकाश तिवारी ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 0413/26 दर्ज करते हुए निहाल भरिया और एक अन्य के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है।
गौरतलब है कि ज्योतिपुर तिराहे के आसपास लगातार घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों में चिंता है। करीब चार दिन पहले इसी क्षेत्र में एक छात्रा को चलती बाइक से युवकों द्वारा डंडे से मारने की घटना भी सामने आई थी। लगातार घटनाओं के बाद लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।।।




