ससुर और सालो ने मिलकर की युवक की जमकर पिटाई, पुलिस ने दर्ज किया अपराध।।
गौरेला पेंड्रा मरवाही। पेंड्रा थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती पेंड्रा में खाना जल्दी बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद ससुर और साले सहित तीन लोगों पर युवक से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित अवतार कुमार राठौर की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार अवतार कुमार सुरक्षा गार्ड का काम करता है। ड्यूटी जाने के लिए उसने अपनी पत्नी सुषमा राठौर से खाना जल्दी बनाने के लिए कहा था। पत्नी द्वारा खाना नहीं बनाने की बात कहने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पत्नी ने अपने पिता ठाकुर राम, भाई कृष्ण कुमार और दीन्नू राठौर को घटना की जानकारी दी।
आरोप है कि तीनों युवक के घर के पास पहुंचे और पत्नी से विवाद करने की बात को लेकर अवतार के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद ससुर ठाकुर राम और दीन्नू राठौर ने हाथ-मुक्के से मारपीट की, जबकि साले कृष्ण कुमार ने पास में पड़े डंडे से युवक की पिटाई की। मारपीट में अवतार के पीठ और बाएं हाथ की अंगुली में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है। घटना के दौरान उसके पिता ठाकुर प्रसाद ने बीच-बचाव किया।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 0318/26 दर्ज किया है। आरोपियों ठाकुर राम, कृष्ण कुमार और दीन्नू राठौर के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।।।।