गौरेला के धनगवा सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी, 11 पंचों ने एसडीएम से विशेष सम्मेलन बुलाने की मांग।।
गौरेला पेंड्रा मरवाही -- ग्राम पंचायत धनगांव के सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग को लेकर पंचायत के 11 निर्वाचित पंचों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गौरेला के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया है। पंचों ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 21 के तहत अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए विशेष सम्मेलन बुलाने का अनुरोध किया है।
16 सितंबर 2026 को गांव में दिए गए आवेदन में पंचों ने आरोप लगाया है कि वे ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच के कार्यों से संतुष्ट नहीं हैं। आवेदन में सरपंच पर मनमानी करने, पंचों से आवश्यक सलाह नहीं लेने तथा 15वें वित्त सहित अन्य विकास कार्यों में अनियमितता बरतने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
आवेदन में बताया गया है कि ग्राम पंचायत धनगांव में कुल 14 पंच हैं, जिनमें से 11 पंचों ने अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं। पंचों ने प्रशासन से नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए विशेष सम्मेलन बुलाकर आगे की कार्रवाई करने की मांग की है। वही बुधवार को sdm कार्यालय पहुंच कर अविश्वस प्रस्ताव और भ्रष्टाचार की शिकायत की ।
अब इस आवेदन के बाद प्रशासन द्वारा नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। वहीं, लगाए गए आरोपों पर संबंधित सरपंच का पक्ष सामने आने के बाद मामले की पूरी तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।