17 सितंबर को शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ जलेंगे दीप; पेंड्रा में 11 हजार दीपों से लिया जाएगा सेवा और सुशासन का महासंकल्प।।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भव्य और ऐतिहासिक अंदाज में की जाएगी। अभियान के प्रथम दिन 17 सितंबर की शाम 7 बजे जिलेभर में दो लाख आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जनभागीदारी से आयोजित होने वाला यह विशेष कार्यक्रम जिले को दीपों की रोशनी से रोशन करने के साथ ही सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति संकल्प का संदेश देगा।
जलेगा 11 हजार दीपों का महासंकल्प
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय भव्य आयोजन मल्टीपर्पस स्कूल मैदान, पेंड्रा में किया जाएगा। यहां 11 हजार दीप प्रज्वलित कर सेवा और सुशासन के प्रति सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। इस आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
इसी कड़ी में मरवाही जनपद की 10, गौरेला जनपद की 8 तथा पेंड्रा जनपद की 7 चयनित ग्राम पंचायतों में भी दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन ग्राम पंचायतों में कुल 25 हजार दीप जलाकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
घरों से लेकर सरोवर और सरकारी कार्यालयों तक रोशनी
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, गांवों और सरकारी संस्थानों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। पेंड्रा के दुर्गा सरोवर, जिले के सभी अमृत सरोवरों, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के घरों, बिहान समूह की महिलाओं, शासकीय कार्यालयों तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की सहभागिता से दीप जलाए जाएंगे।इस सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से जिले में सेवा भावना, जनसहभागिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए समन्वय के निर्देश
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने समय-सीमा की बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कैलेंडर के अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो सहित जानकारी निर्धारित गूगल ड्राइव पर नियमित रूप से अपलोड करने को भी कहा, ताकि कार्यक्रमों की गतिविधियों का व्यवस्थित संधारण किया जा सके।
जिलेवासियों से जनभागीदारी की अपील
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों, गांवों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा बनें। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी से इस आयोजन को सफल बनाना और जिले में सेवा एवं सुशासन के संकल्प को मजबूत करना है।




