विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर रहा छत्तीसगढ़ का ग्रामीण पर्यटन मॉडल।।
लमना विलेज स्टे में ब्रिटेन के मेहमानों ने ग्रामीण जीवन, संस्कृति और हाट-बाजार का लिया अनुभव।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, ग्रामीण जीवनशैली, लोक संस्कृति और आत्मीय आतिथ्य अब विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है। जिले के लमना विलेज स्टे में ब्रिटेन से पहुंचे पर्यटकों ने ग्रामीण जीवन को करीब से जानने के साथ स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और हाट-बाजार का अनुभव लिया। विदेशी मेहमानों का यह प्रवास जिले में ग्रामीण एवं अनुभव आधारित पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है।
ब्रिटेन से आए फ्रैंक रोजर मार्सटन और जेनिफर मार्गरेट रेनफ्रू मार्सटन का लमना गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच स्वागत किया। ग्रामीणों के आत्मीय स्वागत से विदेशी मेहमान भी अभिभूत नजर आए। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ सहजता से संवाद किया और गांव की जीवनशैली को समझने में रुचि दिखाई।
लमना विलेज स्टे में पर्यटकों को केवल ठहरने की सुविधा ही नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवेश को अनुभव करने का अवसर भी मिला। उन्हें गांव की गलियों, खेत-खलिहानों और पारंपरिक परिवेश से परिचित कराने के लिए विलेज वॉक कराया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण परिवारों, महिलाओं और बच्चों से बातचीत की तथा गांव के दैनिक जीवन को करीब से जाना।
प्रवास के दौरान ग्रामीण हाट विदेशी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों से बातचीत करते हुए मिट्टी के बर्तन, बांस से बने सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, सब्जियां, स्थानीय खाद्य सामग्री और अन्य ग्रामीण उत्पादों को देखा। हाट की चहल-पहल और ग्रामीणों के सहज व्यवहार ने उन्हें भारतीय गांव के वास्तविक जीवन का अनुभव कराया।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में प्राकृतिक और धार्मिक पर्यटन के साथ ग्रामीण पर्यटन की भी व्यापक संभावनाएं हैं। मैकल पर्वत श्रृंखला, जंगल, जलप्रपात और शिवघाट मनौरा, जलेश्वर धाम, लक्ष्मणधारा, झोजा जलप्रपात व धनपुर जैसे पर्यटन स्थल जिले की पहचान को विस्तार देते हैं।
लमना विलेज स्टे जैसे केंद्रों के माध्यम से पर्यटन को स्थानीय समुदाय से जोड़ने की दिशा में अवसर बढ़ रहे हैं। इससे ग्रामीण परिवारों, हस्तशिल्पकारों, स्थानीय गाइडों, छोटे व्यवसायों और होमस्टे संचालकों को रोजगार एवं आय के अवसर मिल सकते हैं। ब्रिटेन के पर्यटकों का लमना प्रवास छत्तीसगढ़ के उस ग्रामीण पर्यटन मॉडल की तस्वीर पेश करता है, जहां प्रकृति, संस्कृति, आतिथ्य और स्थानीय अर्थव्यवस्था एक साथ जुड़ते दिखाई दे रहे हैं।।।
हर खबर पर नजर।।







