छत्तीसगढ़ी भाषा के संरक्षण और संवर्धन पर मंथन,,,
जीपीएम के आशुतोष आनंद दुबे हुए सम्मानित,,
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग का दसवां प्रांतीय सम्मेलन बेमेतरा के द किंग्स होटल में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा एवं सचिव अभिलाषा बेहार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित इस सम्मेलन में प्रदेशभर से कवि, साहित्यकार, भाषाविद्, लोक कलाकार एवं साहित्यप्रेमी शामिल हुए। सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी भाषा को जन-जन तक पहुंचाने और बदलते तकनीकी दौर में इसके विस्तार की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा हुई।।।
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। सुप्रसिद्ध कवि मीर अली मीर, भाषाविद् एवं आलोचक डॉ. चितरंजन कर तथा छत्तीसगढ़ मित्र पत्रिका के संपादक डॉ. सुधीर शर्मा सहित प्रदेश के कई जाने-माने साहित्यकारों ने विभिन्न सत्रों में अपने विचार रखे।
सम्मेलन में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के जिला समन्वयक आशुतोष आनंद दुबे को विशेष सत्र के सफल संचालन के लिए छत्तीसगढ़ी का राजकीय गमछा एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने ‘सोशल मीडिया, पत्र-पत्रिका और एआई में छत्तीसगढ़ी’ विषय पर आयोजित महत्वपूर्ण सत्र का कुशल संचालन किया। डिजिटल युग में छत्तीसगढ़ी भाषा की संभावनाओं और नई तकनीक के माध्यम से भाषा के प्रचार-प्रसार को लेकर यह सत्र विशेष रूप से चर्चा में रहा।
सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ी भाषा, साहित्य और व्याकरण को अधिक समृद्ध एवं व्यापक बनाने के उपायों पर भी चिंतन-मंथन हुआ। ‘पुरखा के सुरता’ सत्र में प्रदेश के दिवंगत साहित्यकारों एवं कवियों के जीवन और साहित्यिक योगदान को याद करते हुए उनके रचनात्मक अवदान पर प्रकाश डाला गया।
जीपीएम जिले से भीष्म त्रिपाठी, सूर्यप्रकाश महंत, हिमांशु दुबे, प्रतिभा दुबे और प्रमोद कुमार यादव सहित छह साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी सम्मेलन में शामिल हुए। सूर्यप्रकाश महंत ने काव्यपाठ प्रस्तुत किया। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र एवं अंत में कवि-साहित्यकारों को राजभाषा आयोग की ओर से सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन ने छत्तीसगढ़ी भाषा को नई पीढ़ी, साहित्य और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में संवाद का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।।।
हर खबर पर नजर,,,,







