ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेस का विशाल विरोध मार्च,किया पुतला दहन,


कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला करीब एक किलोमीटर लंबा विरोध मार्च,,,कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन; नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश कुमार का पुतला किया दहन




गौरेला पेण्ड्रा मरवाही ---  जिला कांग्रेस कमेटी जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही ने  मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए निर्वाचन संबंधी निर्णयों और मतदाता सूची में किए गए परिवर्तनों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा की मांग को लेकर सोमवार, 28 सितंबर 2026 को जिला कांग्रेस कमेटी गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही द्वारा जिला मुख्यालय में विशाल विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानु के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगभग एक किलोमीटर लंबा विरोध मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट की ओर कूच किया। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी दहन किया गया। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए संविधान एवं प्रचलित कानून के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ करने, उनके विरुद्ध कांग्रेस द्वारा लगाए गए निर्वाचन संबंधी आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा उनके कार्यकाल में लिए गए प्रमुख निर्वाचन संबंधी निर्णयों एवं मतदाता सूची में किए गए परिवर्तनों की व्यापक समीक्षा कराने की मांग की गई। कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाता सूची में नाम जोड़ने एवं हटाने तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली से जुड़े विवादित मामलों की पारदर्शी जांच की भी मांग रखी। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और निर्वाचन आयोग की संवैधानिक स्वतंत्रता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे प्रश्नों की पारदर्शी समीक्षा आवश्यक है। सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजमती भानु ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज लगातार उठाती रहेगी। मतदाता सूची एवं निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठ रहे प्रश्नों का पारदर्शी तरीके से समाधान होना चाहिए, जिससे आम मतदाता का चुनाव व्यवस्था पर विश्वास बना रहे आदिवासी कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक अर्चना पोर्टे ने प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा पर जोर देते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए जाने तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की। छाया विधायक गुलाब सिंह राज ने कहा कि कांग्रेस निर्वाचन आयोग से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णयों की स्वतंत्र समीक्षा और चुनावी व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों का तथ्यात्मक एवं पारदर्शी जवाब चाहती है। सरपंच संघ के जिला अध्यक्ष लालचंद सोनवानी ने ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं से जुड़े विषय उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।सभा को मुद्रिका सिंह सरराटी, मूलचंद कुसराम,रमेश साहू  , दया वाकरे, बलबीर करसायल , नारायण शर्मा, राकेश मसीह मालती वाकड़े रेखा तिवारी  लालचंद सोनवानी चन्द्रभान मलैया , भूरा यादव वीरेंद्र बघेल  तथा  सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि यह आंदोलन निर्वाचन व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों की स्वतंत्र जांच और लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का विश्वास बनाए रखने की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की मूल आवश्यकता है और मतदाता सूची में नाम जोड़ने अथवा हटाने सहित प्रत्येक निर्वाचन प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिस पर देश का प्रत्येक मतदाता भरोसा कर सके। कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों एवं विवादित निर्णयों की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कर वास्तविक स्थिति देश के सामने रखी जानी चाहिए।



इसके पश्चात कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि इसे संवैधानिक एवं विधिसम्मत कार्रवाई के लिए राष्ट्रपति एवं संबंधित सक्षम प्राधिकारी को प्रेषित किया जाए। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से कांग्रेस पदाधिकारी, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं हजारों की  संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन जिला कांग्रेस प्रवक्ता ओम प्रकाश  बंका ने किया, जबकि कार्यक्रम के समापन पर जिला महामंत्री एवं संगठन प्रभारी पुष्पराज सिंह ठाकुर ने उपस्थित कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

Previous Post Next Post