कृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ GPM

 

कृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णमय हुआ GPM, मंदिरों में गूंजे जयकारे, जगह-जगह फूटी मटकी।।


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जिलेभर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। देर रात भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिरों में जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

गौरेला के राधाकृष्ण मंदिर और पेंड्रा के जैन मोहल्ला स्थित राधाकृष्ण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की। जन्म के समय श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर उत्सव मनाया।

वहीं पेंड्रा के राधाकृष्ण मंदिर, सरस्वती शिशु मंदिर सहित गौरेला के रेस्ट हाउस, खेरमाई चौक और साईं मंदिर परिसर में मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। युवाओं की टोलियों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर टांगी गई मटकी फोड़ने का प्रयास किया। मटकी फूटते ही जयकारों और तालियों से पूरा माहौल गूंज उठा।


जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में धार्मिक आस्था के साथ युवाओं का उत्साह भी देखने को मिला। मंदिरों में भक्ति और विभिन्न स्थानों पर आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रमों ने पूरे जिले को कृष्णमय बना दिया।

हर खबर पर नजर।।।



Post a Comment

Previous Post Next Post