बाइक पर ऑक्सीजन सिलेंडर बांधकर जिंदगी की जंग लड़ रहा भगत सिंह,,
भगत सिंह की बेबसी ने कोरोना काल की यादें की ताजा,,
सिलेंडर भरवाने के लिए हर तीन दिन में 15 किलोमीटर का सफर,,
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। नाक में ऑक्सीजन की नली, बाइक पर बैठा एक बीमार व्यक्ति और पीछे रस्सी से बंधा ऑक्सीजन सिलेंडर। यह तस्वीर देखकर कोरोना काल की वो भयावह यादें ताजा हो जाती हैं, जब सांसों के लिए लोग जद्दोजहद कर रहे थे। लेकिन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गिरारी गांव में रहने वाले भगत सिंह कुशराम के लिए यह संघर्ष आज भी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बना हुआ है। लिवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे भगत सिंह को सांस लेने के लिए ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है। सिलेंडर भरवाने के लिए उन्हें हर दो से तीन दिन में बाइक पर बैठकर गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर गौरेला जाना पड़ता है।।।
सांसों के लिए हर तीन दिन में सफर करने को मजबूर है पेंड्रा के ग्राम पंचायत गिरारी के भलवाही टिकरा मोहल्ले के रहने वाले भगत सिंह कुशराम का इलाज बिलासपुर के गनियारी अस्पताल में चल रहा है। बीमारी के चलते उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता पड़ती है। उनके मुताबिक अगर सिलेंडर को थोड़ा थोड़ा उपयोग किया जाता है तो, एक सिलेंडर सीमित उपयोज करने पर करीब ढाई से तीन दिन तक चलता है। और अगर अच्छे से सिलेंडर का उपयोग करते है तो 3 से 4 घँटे ही उपयोग संभव है इसके बाद किसी पड़ोसी की बाइक पर बैठकर सिलेंडर के साथ गौरेला जाना उनकी मजबूरी बन जाती है। गंभीर बीमारी से जूझ रहे व्यक्ति के लिए यह सफर कितना मुश्किल होता होगा, इसकी कल्पना ही बेचैन कर देती है।
देखिए भगत सिंह का संघर्ष।।
भगत सिंह का कहना है कि स्थानीय जिला प्रशासन की ओर से उन्हें बिजली से चलने वाली ऑक्सीजन जनरेटर मशीन उपलब्ध कराई गई है, लेकिन घर मे बिजली गुल होने और कम वोल्टेज की समस्या के कारण मशीन का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। घर मे लो वॉल्टेज होने के कारण ऑटो ऑक्सीजन मशीन नही चल पाती।
नतीजतन, मशीन मिलने के बावजूद उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर पर निर्भर रहना पड़ रहा है। आखिर कब मिलेगी स्थायी राहत? कोरोना काल में ऑक्सीजन की अहमियत और उसकी कमी का दर्द देश देख चुका है। ऐसे में आज भी किसी गंभीर मरीज को ऑक्सीजन के लिए इस तरह संघर्ष करना पड़े, तो यह व्यवस्था के सामने गंभीर सवाल खड़े करता है। जरूरत है कि संबंधित अधिकारी मशीन की तकनीकी जांच कराएं, बिजली की समस्या का समाधान करें और आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें।
भगत सिंह को सिर्फ मशीन उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका निर्बाध संचालन भी जरूरी है। अब सवाल यही है कि प्रशासन उनकी परेशानी दूर कर कब स्थायी राहत देगा, ताकि उन्हें हर तीन दिन में सांसों का सहारा जुटाने के लिए 15 किलोमीटर का कठिन सफर न करना पड़े।।।