52 हाथियों का आतंक: हमले में ग्रामीण की मौत, घर में घुसकर धान खा गए हाथी...
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/कोरबा-
जीपीएम और कोरबा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से विचरण कर रहे 52 हाथियों के दल ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। हाथियों के हमले में खोडरी निवासी प्रताप सिंह वाकरे की मौत हो गई। वहीं, केहाडांड गांव में हाथियों ने एक घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा धान खा लिया।
जानकारी के अनुसार, बीती रात हाथियों का दल खोडरी गांव में प्रताप सिंह वाकरे के खेत की ओर पहुंचा। इसी दौरान हाथी के हमले में प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर किया गया। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है।
दूसरी ओर, केहाडांड निवासी सुरेंद्र वाकरे के घर की कुंडी तोड़कर हाथी अंदर घुस गए और घर में रखा धान खा गए। हाथियों के लगातार विचरण से खेतों में लगी फसलें भी बर्बाद हो रही हैं। ग्रामीण रातभर जागकर अपने घर और फसलों की सुरक्षा करने को मजबूर हैं।
फिलहाल 52 हाथियों का दल जीपीएम सीमा से लगभग तीन किलोमीटर दूर पसान वन परिक्षेत्र के वनखेता गांव के पास मौजूद है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा और हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।।।
Tags
कोरबा छत्तीसगढ़
