वन अपराध के मामले में आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जिला जेल भेजा गया
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही--- मरवाही वन मंडल में वन अपराधों के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में वन परिक्षेत्र खोडरी के अंतर्गत बीट नेवरी में दर्ज वन अपराध के एक मामले में कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया।
लंबे समय से लंबित था वन अपराध का मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसवानी निवासी ओमप्रकाश, पिता संतोष सिंह राठौर के विरुद्ध वन अपराध प्रकरण क्रमांक 45/19 दर्ज किया गया था। इस मामले में लंबे समय से कार्रवाई लंबित थी। वन विभाग की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और न्यायालय के समक्ष पेश किया। सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजने का आदेश दिया। वही अन्य आरोपी फरार जिनकी तलाश जारी।
वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
वन परिक्षेत्र अधिकारी खोडरी दीपक पटेल ने कहा कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वन अपराधों में संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। जंगलों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है। ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।वन विभाग की इस कार्रवाई से वन अपराधों में संलिप्त लोगों को स्पष्ट संदेश गया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

