नेवसा के बाल वैज्ञानिकों की अनूठी पहल, घर-घर जाकर कर रहे बुखार से बचाव के प्रति जागरूक
गौरेला --- राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) 2026-27 के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवसा के बाल वैज्ञानिक चंद्रशेखर एवं आशीष ग्रामीणों को बुखार के दौरान दवाइयों के सुरक्षित उपयोग और जल-चिकित्सा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
जनजातीय एवं बैगा बहुल क्षेत्रों में बिना चिकित्सकीय सलाह दवाइयों के सेवन और झाड़-फूंक पर निर्भरता जैसी समस्याओं को देखते हुए दोनों विद्यार्थी घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चला रहे हैं। वे ग्रामीणों को बुखार के दौरान सामान्य सावधानियों और गुनगुने पानी से पैरों को सेंकने जैसी विधियों की जानकारी दे रहे हैं।
बाल वैज्ञानिकों का उद्देश्य ग्रामीणों को दवाइयों की अनियंत्रित खुराक से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत करना और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित करना है।मार्गदर्शन एवं सराहना: विद्यालय के व्याख्याता एवं मार्गदर्शक श्री हरिशंकर शर्मा के नेतृत्व में संचालित इस शोध परियोजना की स्थानीय ग्रामीणों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने सराहना की है।
विशेष सावधानी: जल-चिकित्सा बुखार के कारण का उपचार नहीं है और न ही यह चिकित्सकीय परामर्श का विकल्प है। बुखार होने पर उचित चिकित्सा लेना जरूरी है।

