GPM- पेंड्रा में तेज रफ्तार पिकअप और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत, 3 से 4 लोग घायल।।...
टक्कर के बाद पेड़ से टकराया ऑटो, नाले में जा घुसी पिकअप; घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा थाना क्षेत्र में फिर एक बार रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां अमरपुर रोड स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने पिकअप और ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराया, जबकि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नाले में जा घुसा। इस सड़क हादसे में 3 से 4 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा पेंड्रा के अमरपुर रोड पर शराब दुकान के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार पिकअप आ रही थी उसी दौरान अचानक से ऑटो चालक ने ऑटो में मोड़ दिया जिसके कारण दोनो वाहनो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित हो गए। ऑटो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया, वहीं पिकअप सड़क से नीचे उतरकर नाले में जा घुसी। अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में घायल लोगों की स्थिति और उनकी पहचान को लेकर फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पेंड्रा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही दोनों वाहनों की स्थिति और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर किया है।





